प्रधान वीना देवी की अध्यक्षता में मांगू ग्राम सभा के अहम फैसले, किन्नर समाज को 1,100 रुपये से अधिक राशि नहीं, अनधिकृत फेरीवालों पर होगी कार्रवाई

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत मांगू में शनिवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान वीना देवी ने की। ग्राम सभा  ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।


बैठक के दौरान पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक प्रस्तावों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सामाजिक व्यवस्था, स्वच्छता और जनहित को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।


ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया कि पंचायत क्षेत्र में किन्नर समाज को स्वेच्छा से 1,100 रुपये से अधिक की राशि नहीं दी जाएगी। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में अनधिकृत रूप से फेरी लगाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित स्थान के अलावा अन्य स्थान पर कूड़ा फेंकता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध पंचायत नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे मामलों की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


ग्राम पंचायत प्रधान वीना देवी ने ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत के विकास में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। पंचायत ने भविष्य में भी ग्रामवासियों से इसी प्रकार सहयोग और सहभागिता बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर पंचायत सचिव लायक राम, उपप्रधान राजेश पुरी, वार्ड सदस्य सोनिया, नीलम, राजेंद्र, चंद्र प्रकाश, कांता देवी, एमएलआईएस सोलन के अध्यक्ष विद्या सागर ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page