ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बथालंग में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या उपासना सूद ने की।

कार्यक्रम में नागरिक चिकित्सालय अर्की की किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार ने विद्यार्थियों को अस्पताल में उपलब्ध परामर्श सेवाओं की जानकारी देते हुए किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के छह प्रमुख घटकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किशोरावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, मोबाइल फोन का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने, नशीले पदार्थों से दूर रहने, जंक एवं फास्ट फूड से परहेज करने, तनाव प्रबंधन के उपाय अपनाने तथा ओवरथिंकिंग से बचने की सलाह दी। साथ ही सभी विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता तथा कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशा कार्यकर्ता गीता शर्मा और रामप्यारी का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर अंजू शर्मा, बबीता, पूजा ठाकुर, विजयलता, किरण बाला, गुलशन शर्मा, हुक्म चंद, कमलकांत, अमित कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




