ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपी पहले से ही जिला शिमला के पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज एक अन्य बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार थे। माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त करने के बाद उन्हें इस मामले में ट्रांसफर अरेस्ट किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोलन एस.डी. वर्मा ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को अर्की निवासी नावेद ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने 4 जुलाई की रात अपनी मोटरसाइकिल ब्लू स्टार स्कूल, अर्की के समीप सड़क किनारे खड़ी की थी। अगले दिन सुबह जब वह मौके पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। चोरी हुई मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना अर्की में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।
जांच के दौरान पता चला कि पुलिस थाना सुन्नी में बाइक चोरी के एक अन्य मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इस सूचना पर अर्की पुलिस की टीम सुन्नी पहुंची और दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अर्की से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

इसके बाद माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर 18 जुलाई 2026 को मंदीप सिंह (24) पुत्र मुन्शी सिंह तथा गुरदीप सिंह (24) पुत्र निरंजन सिंह, दोनों निवासी मोहल्ला सड़क, समीप अनाज मंडी, पटियाला (पंजाब), को इस मामले में ट्रांसफर अरेस्ट किया गया।
एसपी सोलन एस.डी. वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों का चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है तथा यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले में आगामी जांच जारी है।



