ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में शनिवार को भारत के प्रथम गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ ली। विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके आदर्शों तथा देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। वहीं, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रसेवा और देश की एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हुए देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।



