
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-(दाड़लाघाट) विधानसभा में पेश किए गए जयराम ठाकुर सरकार के आगामी बजट 2022-23 की प्रशंसा करते हुए जिला भाजपा सचिव राकेश गौतम ने कहा कि यह बजट प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर संतुलित बजट है।जिसमें गरीब जनता का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है।मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना के अंतर्गत निर्धन महिलाओं को साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर दिए जाएंगें।

निर्धन लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हिम कार्ड को अब 3 साल में रिन्यू किया जाएगा तथा इसे कभी भी बनाया जा सकता है।राकेश गौतम ने कहा कि इस बजट में किसानों का विशेष ध्यान रखा गया है।कृषि क्षेत्र के लिए बजट में 583 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।सरकारी कर्मचारियों की अधिकतर मांगों को स्वीकृति प्रदान की गई है।सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आयु को 70 से घटाकर 60 वर्ष कर दिया गया है। सचिव राकेश गौतम ने इस बजट को गरीब हितेषी एवं सभी वर्गों के लिए संतुलित बजट करार देते हुए हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया।

