विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कल्याण संघ अर्की की मासिक बैठक आयोजित, महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने पर जताया आभार

पेंशनरों ने एक जनवरी 2026 से देय एरियर का भुगतान 31 मार्च 2027 से पहले एकमुश्त करने की उठाई मांग।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कल्याण संघ अर्की इकाई की मासिक बैठक शुक्रवार को रियासत द बाघल कैफे अर्की में इकाई प्रधान हमेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की जानकारी देते हुए संघ के अर्की इकाई महासचिव सुशील गांधी ने बताया कि बैठक में सर्वप्रथम एचपीएसईबी इंप्लाइज यूनियन के पूर्व महासचिव चंद्र सिंह मंडयाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों के जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करवाए गए। इसके अलावा 17 नवंबर 2026 को कुल्लू में प्रस्तावित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में अर्की इकाई की भागीदारी को लेकर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि अर्की इकाई से 11 से 12 सदस्य इस बैठक में भाग लेंगे। इसके लिए सभी सदस्य 16 नवंबर को सुबह आठ बजे अर्की से कुल्लू के लिए रवाना होंगे। बैठक में एक अक्तूबर 2026 से महंगाई भत्ते की पांच प्रतिशत किस्त जारी करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं विद्युत बोर्ड प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, हिमाचल सरकार से आग्रह किया गया कि एक जनवरी 2026 से देय एरियर का भुगतान 31 मार्च 2027 से पहले एकमुश्त किया जाए। बैठक के अंत में सभी सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे संघ की प्रत्येक मासिक बैठक में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि संगठन की गतिविधियों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page