नालागढ़ में पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की त्रैमासिक महासभा आयोजित, 13 प्रतिशत डीए सहित लंबित वित्तीय देनदारियां जारी करने की मांग
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की त्रैमासिक महासभा की बैठक रविवार को नालागढ़ (बीबीएन) में जिला अध्यक्ष पुष्प लता सूद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन की कार्यकारिणी सहित करीब 70 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन से इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया गया।

बैठक में प्रमुख रूप से पुलिस पेंशनरों को 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का एरियर सहित भुगतान करने तथा वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों को जल्द जारी करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा पेंशनरों को आयु के आधार पर प्रत्येक पांच वर्ष में मिलने वाली पांच प्रतिशत वृद्धि को मूल पेंशन में मर्ज करने की मांग भी रखी गई।एसोसिएशन ने मांग की कि पूर्व सैनिकों की तर्ज पर पुलिस पेंशनरों के लिए भी प्रत्येक जिले में मोबाइल कैंटीन की व्यवस्था की जाए। इसके माध्यम से पुलिस लाइन से रियायती दरों पर घरेलू सामान उपलब्ध करवाकर तहसील मुख्यालयों और पुलिस थाना क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए, ताकि बुजुर्ग पेंशनरों को सुविधा मिल सके।बैठक में यह भी मांग की गई कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों अथवा सेवारत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निधन पर अंतिम संस्कार के दौरान पूर्ण पुलिस सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए पुलिस मुख्यालय से स्थायी आदेश जारी किए जाएं। वहीं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों के वर्षों से लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई।एसोसिएशन ने वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पुलिस कर्मियों के संशोधित वेतनमान, ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट और कम्युटेशन सहित अन्य लंबित वित्तीय लाभों का एकमुश्त भुगतान करने की मांग की। साथ ही कम्युटेशन के पुनरीक्षण पर रोक लगाने संबंधी आदेशों को वापस लेने का आग्रह किया गया। भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके सभी देय फंडों एवं वित्तीय लाभों का भुगतान सेवानिवृत्ति के एक माह के भीतर सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।इसके अतिरिक्त पुलिस भर्ती में सेवारत एवं सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए कुछ पद आरक्षित करने तथा पुलिस महानिदेशक के जिला दौरों के दौरान पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों को भी आमंत्रित करने की मांग की गई, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे पुलिस महानिदेशक के समक्ष रख सकें। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एसओपी के अनुसार जिलास्तर पर पेंशनरों की बैठकें आयोजित करने का आग्रह भी किया गया।बैठक में महासचिव जसवीर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीत राम भारद्वाज, सलाहकार एवं सचिव विजय धीमान, प्रेस सचिव निर्मल सिंह ठाकुर, सचिव नित्य प्रकाश तनवर, सलाहकार श्याम लाल ठाकुर एवं श्याम लाल भाटिया तथा उपप्रधान संत राम चंदेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।अंत में अध्यक्ष पुष्प लता सूद ने प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के सम्मान, सुविधाओं और कल्याण से जुड़ी इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए।


