भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दानोघाट में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू राणा ने की। इस अवसर पर नागरिक चिकित्सालय अर्की की किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।

सुरक्षा परमार ने विद्यार्थियों को किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत उपलब्ध काउंसलिंग सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम के छह मुख्य घटकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार लेने, मोबाइल का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने, नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा जंक फूड और फास्ट फूड से परहेज करने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने तनाव प्रबंधन के उपाय अपनाने और अनावश्यक सोच से बचने पर जोर देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता और कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम-बी की ओर से डॉ. प्रियंका, डॉ. संतोष और फार्मासिस्ट गौरव शर्मा ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की। कार्यक्रम को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी वसुंधरा शर्मा तथा आशा कार्यकर्ता हेमलता और कौशल्या का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में कुसुम शर्मा, ईश्वर दत्त वर्मा, अंजना धीमान, रिनू मंढोतरा और रितिका सहित विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्ति की शपथ के साथ हुआ।



