ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत सेवानिवृत्त कल्याण संघ अर्की की मासिक बैठक शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रियासत द बाघल कैफे अर्की में इकाई प्रधान हेमेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संघ के 26 सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने वर्ष 2026-27 के लिए अपने जीवन प्रमाणपत्र डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन जमा किए। साथ ही संघ के शेष सदस्यों से भी आग्रह किया गया कि वे अपने जीवन प्रमाणपत्र 30 नवंबर, 2026 से पूर्व ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जमा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि पेंशन संबंधी कार्यवाही समय पर पूरी हो सके।
बैठक में गोपाल वर्मा को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड पेंशनर्स कल्याण संघ, सोलन का जिलास्तरीय महासचिव नियुक्त किए जाने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग की गई कि केंद्र सरकार के पेंशनरों की तर्ज पर प्रदेश के पेंशनरों को भी दीपावली से पूर्व महंगाई भत्ता जारी किया जाए। इसके अतिरिक्त एक जनवरी, 2016 से देय बकाया राशि का भुगतान करने तथा वर्ष 2024 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को संशोधित एकमुश्त पेंशन राशि और उपदान की बकाया राशि का भुगतान एकमुश्त करने का भी आग्रह किया गया।



