धुन्दन स्कूल में विद्यार्थियों को सिखाए सड़क सुरक्षा के नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की दी जानकारी

जय बाबा कमलाहिया अराधना संस्था और सवेरा फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से लगाया जागरूकता शिविर, नशे से दूर रहने का भी किया आह्वान।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में सोमवार को जय बाबा कमलाहिया अराधना संस्था और सीएसआर सवेरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ सड़क पर सावधानी बरतने और दुर्घटनाओं से बचने के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राम रत्न, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर, अध्यापक सुरेंद्र कुमार, सुमन वटु, नरेंद्र हाडा और हेमराज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एम.के. भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। उन्होंने तेज गति से वाहन चलाने से बचने, इंडिकेटर और डिपर का सही उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की मदद करना बेहद जरूरी है। इसके लिए आपातकालीन सहायता नंबर 108 और 100 की जानकारी दी गई। साथ ही दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले राहवीरों से जुड़ी योजना के बारे में भी बताया गया। मोबाइल फोन लॉक होने की स्थिति में आपातकालीन संपर्क के माध्यम से परिवार के सदस्यों तक सूचना पहुंचाने के तरीके भी समझाए गए।

एम.के. भारद्वाज ने बताया कि जय बाबा कमलाहिया अराधना संस्था पिछले 18 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था की ओर से गांवों, पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाकर सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, आपदा प्रबंधन और स्वच्छता जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य एक जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है, ताकि लोग सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और आपदा के समय जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात अपनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page