ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज।उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग के कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने एक दिवसीय प्री-व्यावसायिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा विभिन्न व्यवसायों और रोजगार के अवसरों से परिचित करवाना रहा।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र शास्त्री ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अर्की के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल बाड़ीधार का दौरा किया। यहां विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सुंदरता और रमणीय वातावरण का आनंद लिया। इसके बाद विद्यार्थी एकांत होटल पहुंचे, जहां उन्होंने दोपहर का भोजन किया।
उन्होंने बताया कि होटल में विद्यार्थियों को होटल प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। उन्हें होटल के अलग-अलग विभागों, अतिथि सत्कार, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, अनुशासन तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझा और इससे संबंधित व्यावहारिक जानकारी हासिल की।
इस दौरान विद्यालय के अध्यापक यशपाल वर्मा, सरोज कुमारी और पवन कुमार विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। अध्यापकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने भ्रमण की विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।



