सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को मिली सफलता, 20 नवंबर को दर्ज हुआ था चोरी का मामला।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। कुनिहार क्षेत्र के गांव सनौगी से चोरी हुई करीब नौ लाख रुपये कीमत की ब्रेजा गाड़ी को पुलिस ने गंभरपुल-दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के समीप एक सुनसान स्थान से बरामद कर लिया है। हालांकि, वाहन चोरी करने वाले आरोपी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

एसपी सोलन के अनुसार, कुनिहार निवासी संतोष कुमारी ने 20 नवंबर 2026 को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके पति ने 15 नवंबर को अपनी ब्रेजा गाड़ी गांव सनौगी में सड़क किनारे खड़ी की थी। 20 नवंबर की सुबह जब वे गाड़ी लेने पहुंचे तो वाहन वहां से गायब था। अपने स्तर पर विभिन्न स्थानों पर तलाश करने के बावजूद गाड़ी का कोई पता नहीं चला। शिकायतकर्ता को आशंका थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति 15 से 20 नवंबर के बीच गाड़ी चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुनिहार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।पुलिस के इन प्रयासों के परिणामस्वरूप चोरी हुई गाड़ी को आंजी घाट के समीप बरामद करने में सफलता मिली। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।


