राहु में 11 अक्टूबर को सजेगा नवरंग ग्रामीण प्रतिभा मेला

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत रोहांज-जलाना के राहु गांव में नवरंग ग्रामीण प्रतिभा मेला-2026 का आयोजन 11 अक्टूबर को किया जाएगा। मेला समिति एवं नेहरू युवा क्लब राहु की ओर से आयोजित इस मेले में खेलकूद के साथ शैक्षणिक प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन ज्ञान सिंह पाल ने बताया कि मेला भीम सिंह मैमोरियल खेल मैदान राहु में आयोजित होगा। मेले का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा। इस अवसर पर रोहांज-जलाना ग्राम पंचायत की प्रधान नम्रता ठाकुर बतौर सम्मानित अतिथि मौजूद रहेंगी। वहीं अंजना वर्मा, बीडीसी वार्ड पलोग एवं रोहांज-जलाना भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
मेले में विभिन्न खेलकूद एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनमें ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति के अनुसार खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागी अपनी जिम्मेदारी पर हिस्सा लेंगे तथा खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी ग्रामवासियों तक सीमित रहेगी।
मेले का समापन शाम 4 बजे होगा। समापन समारोह में विरासत संगठन अर्की की अध्यक्ष मयूराक्षी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी।
मेला समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर ग्रामीण प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने और मेले को सफल बनाने की अपील की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page