ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- कुनिहार के कोठी चौक के समीप नरेंद्र एंटरप्राइजेज के पीछे खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना 19 सितंबर की रात की बताई जा रही है। मोटरसाइकिल मालिकों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

पुलिस को दी शिकायत में तहूर खान निवासी गांव मुहनागर, तहसील स्वार, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश ने बताया कि वह वर्तमान में पिपलुघाट में रह रहे हैं। 19 सितंबर को वह काम के सिलसिले में कुनिहार आए थे और उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल नंबर एचपी-11बी-3187 को बाइक रूम के बाहर खड़ा किया था। इसी स्थान पर अरुण कुमार की मोटरसाइकिल नंबर एचपी-16-6799 भी खड़ी थी।
शिकायत के अनुसार, तहूर खान अपने मित्र नदीम खान के कमरे में मौजूद थे, तभी फैजल ने उन्हें दोनों मोटरसाइकिलों में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुंचाने की नीयत से दोनों वाहनों में आग लगाई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों मोटरसाइकिलों को जली हुई अवस्था में पाया।
पुलिस ने मामले को बीएनएस की धारा 326(एफ) के तहत जांच में लिया है। हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस आग लगने के कारणों के साथ-साथ घटना में किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

