अर्की का तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेला सम्पन्न, अंतिम सांस्कृतिक संध्या में केके भारद्वाज, अर्जुन-रंजना की जोड़ी व पंजाबी गायक रियाज खान ने जमाया रंग।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की का तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेला शनिवार को अंतिम सांस्कृतिक संध्या के साथ विधिवत सम्पन्न हो गया। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकार केके भारद्वाज, अर्जुन गोपाल व रंजना रघुवंशी की जोड़ी तथा पंजाबी गायक रियाज खान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से चौगान मैदान में खूब रंग जमाया।

अंतिम सांस्कृतिक संध्या में अर्की के केके भारद्वाज ने अपने लोकप्रिय गीत ‘दगाबाज रे’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया। इसके बाद अर्जुन गोपाल और रंजना रघुवंशी की जोड़ी ने विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। दोनों कलाकारों ने ‘नाटी का चश्का बुरा’, ‘ओ बांठुड़ी बेलुए’, ‘के बाटा जांदे सीटी मारदे’, ‘रेलमा रंग बरसे’, ‘मेरे रश्के कंवर तेरी पहली नजर’ और ‘चमके गुलाबी शरारा’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए।
इसके बाद हिमाचली लोकगायक कपिल शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। उन्होंने ‘चुड़ी देवा शिरगुला’, ‘डंडी रामा मनमोड़ा’, ‘हीरा लाड़िए’, ‘तुनकी की नाटी’ और ‘जवाना सिंगिया’ सहित कई पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए। उनकी ‘महफिल नाटी’ और ‘मुंजरा नाटी’ ने भी दर्शकों को खूब झुमाया।
रात के अंतिम चरण में पंजाबी गायक रियाज खान ने मंच संभाला। उन्होंने ‘टप्पे’, ‘दबदा नी’, ‘अल्लाह-अल्लाह बोल’, ‘मां दी दुआ’, ‘मसला रोटी दा’ और ‘छल्ला’ सहित पंजाबी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय विधायक संजय अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा शर्मा, उपाध्यक्ष वीना ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद रंजना कालिया व देवेंद्र कुमार, एसडीएम अर्की निशांत तोमर, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा, तहसीलदार विपिन वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तीन दिनों तक चले राज्य स्तरीय सायर मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। अंतिम सांस्कृतिक संध्या के साथ मेले का समापन हुआ।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page