विद्यार्थियों को दिया प्रदूषण मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में बुधवार को करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘ग्रीन दिवाली’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए दीपावली का त्योहार स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर इको क्लब की प्रभारी सहायक आचार्य भूवि शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है, जिसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना भी उत्साह के साथ मनाया जा सकता है। उन्होंने पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण तथा इनके मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मिट्टी के दीयों का प्रयोग करने, प्लास्टिक से परहेज करने और प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल सजावटी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया। करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रभारी सहायक आचार्य अक्षय कुमार ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि त्योहार मनाते समय पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों का ध्यान रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और दैनिक जीवन में भी प्रकृति संरक्षण से जुड़े छोटे-छोटे प्रयास अपनाने का संदेश दिया गया।



