बैंक ऑफ बड़ौदा के सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक मेजर जेओसी शर्मा करेंगे मुख्यातिथि के रूप में शिरकत, मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत पट्टा बरावरी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टा बरावरी में 5 नवंबर 2026 को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में पूर्व बीडीसी सदस्य एवं समाजसेवी डीडी कश्यप ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि समारोह को लेकर विद्यालय में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दूनी चंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में बैंक ऑफ बड़ौदा से सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक मेजर जेओसी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश कुमार तथा हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग, शिमला में उपनिदेशक (विधि) के पद पर कार्यरत संदीप वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय के उपप्रधानाचार्य राज कुमार तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिवाकर शर्मा ने बताया कि समारोह को यादगार और सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपने बच्चों की उपलब्धियों और प्रतिभा को करीब से देख सकें।
समारोह को लेकर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।



