ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय मेजर खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) कुनिहार में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के 27 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यालय के जिगर तनवर ने ताइक्वांडो तथा भारोत्तोलन में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं बॉक्सिंग में जिगर तनवर और आदित ने कांस्य पदक जीते। ताइक्वांडो में आर्यन नेगी और कार्तिक ठाकुर ने रजत पदक हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्यातिथि डॉ. जगदीश चंद नेगी, संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। विद्यालय के लिए एक और उपलब्धि यह रही कि जिगर तनवर का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने जिला खेल शिक्षा अधिकारी, शारीरिक शिक्षक अमर देव, अरुणा शर्मा, सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी।
पी.टी.ए. अध्यक्ष रतन तंवर तथा विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने भी पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि जिगर तंवर सहित सभी खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


