ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। भारतीय जनता पार्टी दाड़ला मंडल के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री के अर्की दौरे के बाद क्षेत्र की स्थानीय मांगों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अर्की की जनता को भाषण नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के लिए ठोस काम और स्पष्ट घोषणाओं की उम्मीद थी।

राकेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री करीब 12 साल बाद अर्की पहुंचे, जिसके चलते क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें भी बड़ी थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सायर मेले की रौनक देखी और मंच से प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातें कीं, लेकिन अर्की की जनता स्थानीय मुद्दों को लेकर घोषणाओं की आस लगाए रह गई।
उन्होंने कहा कि अर्की में नर्सिंग कॉलेज, एचआरटीसी बस डिपो, दाड़लाघाट में बीडीओ कार्यालय, खेल अकादमी तथा कुनिहार व जयनगर में सरकारी आईटीआई जैसे मुद्दे लंबे समय से चर्चा में हैं। जनता को उम्मीद थी कि सायर मेले के मंच से इन मांगों को लेकर स्पष्ट घोषणा होगी, लेकिन इन मुद्दों पर ठोस घोषणा सामने नहीं आई।
राकेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों और सड़क मरम्मत से जुड़ी घोषणाएं की हैं, जिनका सरकारी स्तर पर स्वागत या विरोध जनता अपने अनुभव के आधार पर करेगी।
उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि अर्की की जनता को हर बार उम्मीदों की पोटली क्यों थमाई जाती है। मेले का मंच सज गया, कार्यक्रम और भाषण भी हो गया, लेकिन अब जनता घोषणाओं और अर्की के लंबित मुद्दों के भविष्य को लेकर सवाल कर रही है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा जनता के स्थानीय मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाते रहेगी। उन्होंने कहा कि अर्की की जनता को केवल मंच से तालियां नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए।


