ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को खाद्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रकार के पारंपरिक, पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर उनकी आकर्षक प्रस्तुति दी।

खाद्य उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने अपने द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों के पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग और पौष्टिक भोजन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर विशेष बल दिया गया।

विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास, टीम भावना और रचनात्मक सोच का भी विकास करती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास,व्यावसायिक शिक्षा , सांस्कृतिक एकता जैसे मूल्यों को बढ़ाने एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन विद्यालय का एक महत्वपूर्ण प्रयास है तथा भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सभी शिक्षकों व विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के उत्साहवर्धन और सराहना के साथ हुआ।


