ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती के होनहार सपूत एवं भारतीय वायु सेना में हाल ही में फ्लाइंग ऑफिसर बने मयंक शर्मा के अपने पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और क्षेत्रवासियों ने अपने युवा बेटे की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
मयंक शर्मा के गांव पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों, पुष्प मालाओं और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया गया। ग्रामवासियों और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने उन्हें सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

गौरतलब है कि मयंक शर्मा ग्राम पंचायत भूमती से भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने वाले पहले युवा हैं।
मयंक के पिता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। परिवार की देशसेवा और अनुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मयंक ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने भी मयंक शर्मा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मयंक ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे अर्की क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

मयंक की चाची एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य आशा शर्मा ने कहा कि यह पूरे परिवार और ग्राम पंचायत भूमती के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही मयंक अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। आज उनकी यह उपलब्धि परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

मयंक शर्मा को बधाई देने वालों में स्थानीय पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान विनय शर्मा, पूर्व पंचायत प्रधान योगेश गौतम, विभूति शर्मा, जयचंद शर्मा, अशोक शर्मा, भुवनेश्वर शर्मा, सुधीर शर्मा, चंद्रकांता शर्मा, अकुल शर्मा, जतिन शर्मा, धीरज शर्मा, बिमला शर्मा, पूनम शर्मा, मीना शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश शास्त्री, विजय शर्मा, भावना शर्मा, मनीष शर्मा, जितेन शर्मा सहित ग्राम पंचायत भूमती के समस्त ग्रामवासी एवं महिला मंडल की सदस्याएं शामिल रहीं।

ग्रामीणों ने कहा कि जब गांव का बेटा देश की रक्षा के लिए आसमान की ऊंचाइयों को छूता है, तो पूरा क्षेत्र गर्व से सिर ऊंचा कर लेता है। उन्होंने मयंक शर्मा के उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभाशीष प्रदान किया।




