ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल के धुन्दन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि यहां के मूल निवासी भूपेंद्र गुप्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया नॉर्वे यात्रा के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने। भूपेंद्र गुप्ता वर्तमान में एनएचपीसी के सीएमडी के पद पर कार्यरत हैं और ऊर्जा क्षेत्र में अपनी सेवाओं के कारण राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान रखते हैं।


नॉर्वे में आयोजित भारत-नॉर्डिक बिजनेस एवं रिसर्च समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी उपस्थिति को हिमाचल प्रदेश और विशेषकर अर्की क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। भूपेंद्र गुप्ता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मंडी के बीजे स्कूल से प्राप्त की तथा अपनी मेहनत, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देश के प्रमुख सार्वजनिक उपक्रम में शीर्ष जिम्मेदारी तक पहुंचे हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए भूपेंद्र गुप्ता के चचेरे भाई अधिवक्ता रमन गुप्ता ने बताया कि भूपेंद्र गुप्ता उनके ताया जी के बेटे हैं। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र गुप्ता मूलतः अर्की उपमंडल के धुन्दन क्षेत्र से संबंध रखते हैं तथा उनकी यह उपलब्धि पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का पल है। अधिवक्ता रमन गुप्ता स्वयं भी पिछले कई वर्षों से सोलन सेशन कोर्ट में वकालत कर रहे हैं और शहर के जाने-माने वकीलों में शामिल हैं।

भूपेंद्र गुप्ता की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। लोगों का कहना है कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई जा सकती है।



