करोड़ों के बकाया वित्तीय लाभ न मिलने पर पेंशनरों में रोष, जेसीसी का गठन कर जल्द बैठक बुलाने की उठाई मांग
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों, महंगाई भत्ते के एरियर और चिकित्सा बिलों का भुगतान न होने से पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की पट्टाबरवारी-हरिपुर इकाई ने नाराजगी जताई है। संगठन ने प्रदेश सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देय लाभ जल्द जारी करने और संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) का गठन कर बैठक बुलाने की मांग की है।

सोमवार को पेंशनर कार्यालय पट्टाबरवारी में इकाई की मासिक बैठक अध्यक्ष जगदेव गर्ग की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान जगदेव गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनवरी 2016 से छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की थीं, लेकिन संशोधित वेतनमान से जुड़े कई वित्तीय लाभ अभी तक पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नहीं मिले हैं। इससे पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारी अभी भी अपने वित्तीय लाभों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इनमें लीव इनकैशमेंट, पेंशन कम्यूटेशन और ग्रेच्युटी के एरियर जैसे भुगतान शामिल हैं। सेवानिवृत्ति के बाद इन लाभों का विशेष महत्व होता है, ऐसे में लंबे समय तक भुगतान न होने से बुजुर्ग पेंशनरों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

जगदेव गर्ग ने महंगाई भत्ते के लंबित एरियर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक की अवधि के 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते के एरियर तथा जनवरी 2023 से सितंबर 2024 तक की अवधि के 4 प्रतिशत एरियर का भुगतान भी लंबित बताया जा रहा है। उन्होंने 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच पेंशनरों को अपने हक के वित्तीय लाभों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

बैठक में लंबित चिकित्सा बिलों का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। जगदेव गर्ग ने कहा कि अधिक आयु के पेंशनरों को उपचार और दवाइयों पर काफी खर्च करना पड़ता है। ऐसे में मेडिकल बिलों की अदायगी में देरी उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रही है। उन्होंने सरकार से विभिन्न विभागों में लंबित चिकित्सा बिलों का जल्द भुगतान करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) का गठन कर जल्द बैठक बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जेसीसी की बैठक में लंबित मांगों पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
पीएचसी पट्टाबरवारी में चिकित्सक की नियमित तैनाती की मांग
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टाबरवारी में स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया गया। जगदेव गर्ग ने कहा कि यहां तैनात चिकित्सा अधिकारी को बार-बार धर्मपुर स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर भेजे जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर से आग्रह किया कि चिकित्सक को बार-बार अन्यत्र ड्यूटी पर न भेजा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर नियमित उपचार मिल सके। बैठक में संगठन के मुख्य संरक्षक एवं जिला मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप, नेकीराम कौंडल, उपाध्यक्ष दूनीचंद ठाकुर, महासचिव भरत राम, अमरचंद, राजिंदर शर्मा, अमर लाल कश्यप, विशन दास और दीनानाथ गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।संगठन की ओर से जारी प्रेस बयान में डीडी कश्यप ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार पेंशनरों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए लंबित वित्तीय लाभों, चिकित्सा बिलों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मामलों का जल्द समाधान करेगी।

