अर्की की हर्षिता कंवर ने नौणी विश्वविद्यालय में रचा इतिहास, बनी NSUI की पहली निर्वाचित महिला अध्यक्ष ।

97 मतों के अंतर से हासिल की जीत, नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर-2 की निवासी हैं हर्षिता।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर-2 की निवासी हर्षिता कंवर ने छात्र राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाते हुए डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी की NSUI इकाई के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। वह विश्वविद्यालय इकाई की पहली निर्वाचित महिला अध्यक्ष बनी हैं। हर्षिता की इस उपलब्धि से अर्की क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

बीएससी (ऑनर्स) वानिकी के चतुर्थ वर्ष में अध्ययनरत हर्षिता कंवर को चुनाव में कुल 1,105 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 97 मतों के अंतर से पराजित किया। इससे पहले वह NSUI की विश्वविद्यालय इकाई में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करने के बाद अध्यक्ष पद तक पहुंचना उनके छात्र संगठन में सक्रिय योगदान को दर्शाता है।

चुनाव में जीत के बाद हर्षिता ने विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र हितों की रक्षा करना और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान तथा छात्र समुदाय से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page