नीट पेपर लीक के विरोध में कुनिहार में फूटा युवाओं का गुस्सा

राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने ओल्ड बस स्टैंड पर किया प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  नीट पेपर लीक मामले को लेकर कुनिहार के ओल्ड बस स्टैंड पर बुधवार को युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के संयोजक रूमित सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने प्रदर्शन कर केंद्र व राज्य सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

रूमित सिंह ठाकुर ने कहा कि देश का युवा आज डिग्रियां लेकर रोजगार की आस में बैठा है, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र कठिन मेहनत और वर्षों की तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनके सपने टूट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के दौरान छात्रों के साथ अत्यधिक सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के धार्मिक धागे कटवाने, लड़कियों के हेयरबैंड उतरवाने और कपड़ों की जांच जैसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इसके बावजूद यदि पेपर लीक हो जाते हैं तो यह पूरी परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

रूमित सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022 में हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था, जिसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। उस मामले में भी युवाओं को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है।

उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों के दौरान युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में युवा अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया तक सीमित न रहकर संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

इस दौरान उन्होंने देश के चीफ जस्टिस की उस टिप्पणी की भी आलोचना की, जिसमें युवाओं को “कॉकरोच” कहे जाने की बात कही गई। उन्होंने इसे युवाओं का अपमान बताते हुए निंदनीय करार दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी आने वाले समय में पूरे हिमाचल प्रदेश में युवाओं के अधिकारों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page