ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज– समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आज संभव चेरिटेबल संस्था की अध्यक्ष कौशल्या कंवर ने थाना कुनिहार के थाना प्रभारी (SHO) को एक मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र के माध्यम से क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाने हेतु सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।

कौशल्या कंवर ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे खासकर युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। हाल ही में प्रदेश में हुई दुखद घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इसके परिणाम और भी भयावह हो सकते हैं।
उन्होंने SHO से आग्रह किया कि स्कूल एवं कॉलेज समय के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही, एक संयुक्त कमेटी गठित करने का सुझाव भी दिया गया, जिसमें पुलिस, स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संगठनों एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया, ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।
कौशल्या कंवर ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा और क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।




