ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पुलिस थाना अर्की में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जिला पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य सप्लायर को पंजाब के फिरोजपुर से गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक सोलन ने की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को थाना अर्की में दर्ज एफआईआर संख्या 08/26 के तहत 18/19 जनवरी की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर जघाना-नालागढ़ मार्ग पर एक टैक्सी को रोककर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से 7.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी तथा वाहन को भी जब्त कर लिया गया था।

जांच के दौरान पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मोहाली (पंजाब) से दो अन्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही मामले में कुल बरामदगी 17.51 ग्राम तक पहुंच गई।
पुलिस जांच में बैंक लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के विश्लेषण से एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क के संकेत मिले। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 अप्रैल 2026 को मुख्य सप्लायर को जिला फिरोजपुर (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन की रिमांड हासिल की है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है तथा पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




