पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी करे सरकार: केडी शर्मा

जिला मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने दी जानकारी, धर्मपुर में जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की त्रैमासिक बैठक में उठे मुद्दे

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की जिला स्तरीय त्रैमासिक बैठक शनिवार को धर्मपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन में जिला अध्यक्ष एवं राज्य पेंशनर्ज कल्याण संघ के मुख्य सलाहकार केडी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश पेंशनर्ज कल्याण संघ के प्रदेशाध्यक्ष आत्मा राम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में महासचिव जगदीश पंवर ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखवाया। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष आत्मा राम शर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष केडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनवरी 2016 से छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की थीं, लेकिन संशोधित वेतनमान से जुड़े कई वित्तीय लाभ अभी तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग अभी भी अपने वित्तीय लाभों की प्रतीक्षा कर रहा है। इनमें लीव इनकैशमेंट, पेंशन कम्यूटेशन और ग्रेच्युटी के एरियर का भुगतान लंबित है। सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले इन लाभों पर पेंशनरों की आर्थिक जरूरतें निर्भर करती हैं। ऐसे में भुगतान में देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केडी शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने प्रदेश सरकार की ओर से पेंशनरों एवं कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को संशोधित वेतन आयोग-2016 के तहत दिवाली से पहले एरियर के रूप में 10 हजार रुपये देने की घोषणा का भी स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन को लगभग चार वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) का गठन कर बैठक बुलाने के आश्वासन अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि जेसीसी का शीघ्र गठन कर बैठक बुलाई जाए, ताकि पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा कर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान जल्द करने तथा पेंशनरों को बकाया 10 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार को पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने चाहिए। बैठक में महासचिव जगदीश पंवर, सायरी यूनिट के अध्यक्ष बेली राम राठौर, वरिष्ठ नागरिक सायरी के अध्यक्ष जगदीश भारद्वाज, भूमेश चंद राठौर, चंडी-कड़ावरी-इंद्रपुन यूनिट के अध्यक्ष जगदेव गर्ग, अर्की यूनिट के अध्यक्ष कृष्ण सिंह चौहान, कुनिहार यूनिट के अध्यक्ष विनोद जोशी, बरोटीवाला यूनिट के अध्यक्ष उदय राम चौधरी, पट्टा महलोग के अध्यक्ष जिया लाल ठाकुर, चंडी-घड़सी यूनिट के अध्यक्ष पुरन चंद वर्मा, कुठाड़ यूनिट के अध्यक्ष भारत भूषण शर्मा, अंजना शर्मा, सत्यावती, रोशन लाल कादुनी, राज्य प्रतिनिधि सूर्यकांत जोशी एवं रोशन लाल वर्मा, एचआर वर्मा, रोशन लाल वशिष्ठ, जगदीश सिंह, हरि दत्त शर्मा, मनोहर सिंह कंवर, मन्सा राम पाठक, दाता पोरसवाल, बीएन जाशता तथा संत राम शांडिल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page