ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – विधानसभा परिसर में बुधवार को लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विक्रम संवत् 2083 (सन् 2026-27) के देशराजीय पंचांग (कैलेंडर) का लोकार्पण किया। यह पंचांग श्री कामनापूर्णी गौशाला समिति एवं पंचगव्य केंद्र, टुटू (शिमला) के लिए मुकुल गुप्ता द्वारा अपने पूज्य माता-पिता की स्मृति में सभी सनातनियों को सादर भेंट किया गया है।

पंचांग कर्ता डॉ. देश राज शर्मा ने बताया कि भारतीय नववर्ष विक्रम संवत् 2083 का शुभारंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, चैत्र प्रविष्टे 6, बृहस्पतिवार 19 मार्च से होगा तथा इसका समापन चैत्र प्रविष्टे 23, मंगलवार 6 अप्रैल 2027 को होगा। इस वर्ष का राजा गुरु तथा मंत्री मंगल रहेगा और संवत्सर का नाम “रौद्र” है।

उन्होंने जानकारी दी कि यह वार्षिक पंचांग कैलेंडर इस वर्ष सातवें वर्ष में प्रवेश कर गया है। इसमें देवनागरी अंकों के साथ अंग्रेजी तिथियों का समावेश करते हुए प्रतिपदा, द्वितीया सहित सभी तिथियां सुव्यवस्थित रूप से दर्शाई गई हैं। साथ ही वर्ष भर के सभी तिथि-त्योहार, व्रत-पर्व, सरकारी अवकाश, नवरात्र, पंचक, संक्रांति, एकादशी व्रत, पूर्णिमा चंद्रोदय (सत्यनारायण व्रत), पूर्णिमा सूर्योदय, सूर्य-चंद्र ग्रहण, गुरु-शुक्रास्त, श्राद्ध पक्ष, भीष्म पंचक, होलाष्टक आदि का विस्तृत विवरण आकर्षक रूप में शामिल किया गया है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि यह पंचांग खगोलीय एवं गणितीय गणनाओं पर आधारित है, जिससे भावी पीढ़ी को इन विषयों की जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि यह कैलेंडर हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में भी अपनी पहचान बना चुका है और हर घर तक पहुंच रहा है।
इस अवसर पर डॉ. देश राज शर्मा, मुकुल गुप्ता, गौशाला के प्रधान सुरिंदर ठाकुर, पार्षद टुटू वार्ड मोनिका भारद्वाज, व्यापार मंडल टुटू के प्रधान राजीव सूद, पूरण चंद, तरुण शर्मा, सुरिंदर बटला, रंजन भारद्वाज, आर एल डोगरा, ओम प्रकाश, ललित शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






