राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगी बी.एल. स्कूल कुनिहार की करुणा, शॉटपुट में जीता रजत पदक

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने हासिल किए 10 पदक व स्थान, विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभाओं को किया सम्मानित।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार की होनहार खिलाड़ी करुणा ने शॉटपुट प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का रास्ता साफ कर लिया है। करुणा का चयन मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय शॉटपुट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के 14 छात्र-छात्राओं ने अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस, शतरंज, बास्केटबॉल और शॉटपुट प्रतियोगिताओं में भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक एवं स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि टेबल टेनिस में कुशाग्री जोशी, वंशिका, भविता और यशिता ने कांस्य पदक हासिल किए। वहीं, शतरंज छात्रा वर्ग में कृतिका, एंजलीना और वैष्णवी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्र वर्ग में रुबल ने तीसरा स्थान हासिल किया। बास्केटबॉल में स्वस्तिक कश्यप ने तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। शॉटपुट में करुणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय को विशेष उपलब्धि दिलाई। इस उपलब्धि पर विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित करुणा को विशेष रूप से बधाई देते हुए उसके माता-पिता को भी शुभकामनाएं दीं।

गोपाल शर्मा ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, नियमित अभ्यास और शारीरिक शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने शारीरिक शिक्षक अमर देव और अरुणा शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उपनिदेशक स्कूल शिक्षा सोलन तथा जिला खेल शिक्षा अधिकारी का भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष रतन लाल तनवर सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग ने खिलाड़ियों को बधाई दी। विद्यालय अध्यक्ष ने कहा कि बी.एल. स्कूल कुनिहार शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। विद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि करुणा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page