कौटिल्य और अरस्तु समूह ने हासिल किया प्रथम स्थान, प्लेटो और इंदिरा समूह रहे दूसरे स्थान पर।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय महाविद्यालय अर्की के चुनावी साक्षरता क्लब की ओर से 5 नवंबर को विद्यार्थियों में चुनावी जागरूकता, लोकतांत्रिक चेतना और मतदान के महत्व के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रजनी सांख्यान के मार्गदर्शन में किया गया।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार, मतदाता की भूमिका तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के महत्व से अवगत करवाया गया। विद्यार्थियों ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. रजनी सांख्यान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर करती है। युवाओं को मतदान के महत्व को समझते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में नागरिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक होती हैं। प्रतियोगिताओं के परिणामों में कौटिल्य एवं अरस्तु समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्लेटो एवं इंदिरा समूह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य ने विजेता प्रतिभागियों सहित सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मस्त राम एवं प्रो. मनोज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चुनावी साक्षरता क्लब के प्रभारी प्रो. यशपाल शर्मा ने किया। वहीं, आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सोहन नेगी, प्रो. चमन एवं प्रो. योगेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


