ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अर्की में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के कार्यकारी प्रधानाचार्य अजय ठाकुर ने की।

इस अवसर पर सिविल हॉस्पिटल अर्की से किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को सिविल हॉस्पिटल अर्की में उपलब्ध काउंसलिंग सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। काउंसलर ने किशोरों के समग्र विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों पर प्रकाश डालते हुए किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के छह मुख्य घटकों पर चर्चा की।

उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार लेने, मोबाइल का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने, मादक पदार्थों से दूर रहने, जंक व फास्ट फूड से बचने, तनाव प्रबंधन के उपाय अपनाने तथा ओवरथिंकिंग से बचने के बारे में परामर्श दिया। साथ ही सभी विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सुनील ने प्रथम, तमन्ना देवी ने द्वितीय तथा लक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आईटीआई स्टाफ भावना गुप्ता, राजेश, अरविंद सौरव, नीरज तथा प्रकाश राठौड़ का विशेष योगदान रहा। आईटीआई प्रबंधन ने ऐसे कार्यक्रमों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान और जागरूकता को बढ़ाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी बहुत उपयोगी और आवश्यक हैं।




