ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला सोलन पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की त्रैमासिक बैठक 8 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे कुनिहार में आयोजित की जाएगी। यह बैठक सिंध तंदूर ढाबा में, जो एसबीआई बैंक के नजदीक पुराना बस स्टैंड से अर्की रोड पर स्थित है, में आयोजित होगी।

एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारी, सदस्य तथा नए और पुराने पुलिस पेंशनरों से भाग लेने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की बैठक चार-पांच महीने के अंतराल के बाद आयोजित होती है, इसलिए सभी सदस्य अपने वेलफेयर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए अवश्य शामिल हों।

धनीराम तनंवर ने विशेष रूप से अर्की और कुनिहार क्षेत्र के पुलिस पेंशनरों से बैठक में अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह संगठन केवल पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त जवानों, कर्मचारियों और अधिकारियों के कल्याण के उद्देश्य से बनाया गया है तथा इसका किसी भी राजनीतिक दल, धर्म या जाति से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुटता बनाए रखने और अपने साथियों के हितों के लिए बैठक में समय निकालकर पहुंचने का आग्रह किया है। बैठक के बाद सभी उपस्थित सदस्यों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है।



