ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो सफलता जरूर मिलती है। ऐसा ही उदाहरण प्रस्तुत किया है कुनिहार क्षेत्र से सटे भाट की हट्टी गांव के युवा मनीष राय ने। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर मनीष राय ने विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

29 वर्षीय मनीष राय वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सचिवालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बढ़लग से तथा जमा दो की पढ़ाई बॉयज स्कूल सोलन से पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई सोलन कॉलेज से की।

मनीष राय के पिता सोहन लाल वर्तमान में छोटा शिमला पुलिस थाना में उप निरीक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई सुनील राय भी पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अपनी सफलता पर मनीष राय ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वे अपने माता-पिता, परिवारजनों और गुरुओं को देते हैं, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए उन्होंने निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की।

युवाओं को संदेश देते हुए मनीष राय ने कहा कि नशे से दूर रहकर जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य तय करना चाहिए और पूरी लगन से उस लक्ष्य को पाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज और देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।



