ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में स्कूल शिक्षा संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, उपस्थिति एवं शिक्षण गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर विद्यालय प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कक्षा पहली से आठवीं तक का वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया। परीक्षा परिणाम संतोषजनक रहा और कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सफल विद्यार्थियों को आगे भी निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की समान भूमिका होती है। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग को शिक्षा की सफलता का आधार बताया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय और अभिभावकों के बीच आपसी समन्वय और विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।




