ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पीएमश्री शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय अर्की की छात्राओं ने जिला स्तरीय अंडर-14 बालिका वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (छात्र) विद्यालय सोलन में आयोजित की गई थी, जिसमें जिला सोलन के विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं ने भाग लिया।

विद्यालय के कुश्ती प्रशिक्षक भास्करानंद ठाकुर ने जानकारी दी कि यह पहला अवसर था जब कन्या विद्यालय अर्की की छात्राओं ने कुश्ती में भाग लिया, और पहली ही भागीदारी में कुल आठ पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में काव्यांशी ने 33 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक और आयत ने 54 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं बाल पहलवानों ने 2 रजत पदक और 4 कांस्य पदक जीतकर यह साबित किया कि अर्की की बेटियां शिक्षा ही नहीं, खेलों में भी नई ऊंचाइयां छू रही हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या विमला वर्मा ने विजेता छात्राओं और प्रशिक्षक भास्करानंद ठाकुर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और विश्वास व्यक्त किया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी काव्यांशी व आयत बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने कहा कि कन्या विद्यालय अर्की अब शिक्षा के साथ-साथ कुश्ती जैसे प्रतिस्पर्धी खेलों में भी अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। प्रधानाचार्या ने विद्यालय परिवार, प्रबंधन समिति और सभी अर्कीवासियों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।

प्रशिक्षक भास्करानंद ठाकुर ने बताया कि इन छात्राओं ने इससे पहले राज्य स्तरीय सायरोत्सव अर्की में भी कुश्ती में भाग लिया था, जहां उनका सम्मान उपमंडलाधिकारी (नागरिक) निशांत तोमर द्वारा किया गया था।




