पूर्व कैबिनेट मंत्री नगीन चंद पाल की स्मृतियों को जीवंत करता एक भावुक पल, बेटी आशा परिहार ने साझा की यादें

अर्की में चाय की रेहड़ी पर भाजपा कार्यकर्ता के साथ चाय-पकौड़ों की तस्वीर हुई फिर से वायरल

दैनिक हिमाचल न्यूज
राजनीति केवल सत्ता और पद का नहीं, बल्कि रिश्तों और ज़मीन से जुड़ेपन का नाम भी है। इसका एक जीवंत उदाहरण हाल ही में उस समय सामने आया जब पूर्व कैबिनेट मंत्री नगीन चंद पाल की एक पुरानी तस्वीर उनकी बेटी आशा परिहार ने सोशल मीडिया पर साझा की।

यह तस्वीर उस समय की है जब नगीन चंद पाल पहली बार हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने थे। मंत्री बनने के बाद जब वे अपने विधानसभा क्षेत्र अर्की लौटे, तो उन्होंने भाजपा के पुराने और कर्मठ कार्यकर्ता बलिराम ठाकुर की चाय की छोटी सी रेहड़ी पर बैठकर अपने साथियों के साथ चाय और पकौड़ों का आनंद लिया। यह क्षण उस समय स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना था और इसे लोकप्रिय अख़बार वीर प्रताप में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।

बलिराम ठाकुर न केवल एक समर्पित भाजपा कार्यकर्ता थे, बल्कि पाल परिवार से उनका गहरा पारिवारिक संबंध भी रहा है। उनका कुछ वर्षों पूर्व निधन हो चुका है, लेकिन यह तस्वीर आज भी उन पुराने संबंधों, सादगी और ज़मीनी जुड़ाव की प्रतीक मानी जाती है।

आशा परिहार, जो वर्तमान में भाजपा की सक्रिय नेता और जिला परिषद सदस्य हैं, ने इस तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि यह यादें हमारे दिल में हमेशा जीवित रहती हैं। यह केवल एक तस्वीर नहीं, बल्कि उस राजनीतिक संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीयता और सम्मान का रिश्ता था।

गौरतलब है कि आशा परिहार भाजपा के कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं और क्षेत्रीय राजनीति में आज भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को सेवा और संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाया है।

यह तस्वीर एक बार फिर साबित करती है कि राजनीति में भावनाएं, रिश्ते और सादगी आज भी लोगों के दिलों को छूने की ताकत रखते हैं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page