आंध्र प्रदेश में हिमाचल टीम का प्रतिनिधित्व कर बढ़ाया राज्य का मान ।।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बिलासपुर जिला के गांव बठोह लाड़ाघाट की होनहार खिलाड़ी किरण ठाकुर ने कबड्डी के मैदान में अपने जज्बे और मेहनत से एक नई मिसाल कायम की है।

हाल ही में आंध्र प्रदेश में आयोजित बीच कबड्डी चैंपियनशिप में किरण ने हिमाचल प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन कर विजय हासिल की।इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते किरण का चयन इंडिया कैंप (बीच कबड्डी) के लिए हुआ है, जो उनके करियर की दिशा में एक अहम पड़ाव है। किरण पिछले करीब दस वर्षों से धर्मशाला में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल बठोह के भोली से प्राप्त की है।

किरण इससे पूर्व खेलो इंडिया टूर्नामेंट में भी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और वहां भी सफलता हासिल कर चुकी हैं।

किरण की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार और गांव, बल्कि पूरा हिमाचल प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। उनके पिता रामानंद ठाकुर और माता सुनीता ठाकुर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “हमें उम्मीद है कि किरण की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवा भी प्रेरणा लेकर अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करेंगे।”



