ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर महाविद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं का जीवन के प्रति दृष्टिकोण ही प्रगति और राष्ट्र की उन्नति का आधार है। उन्होंने कहा कि शिक्षा युवाओं की सोच को परिष्कृत कर उन्हें सही दिशा प्रदान करती है और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही देश और प्रदेश की उन्नति का आधार होता है। शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर आजीविका के अवसर प्रदान करती है। इसलिए युवाओं को पारंपरिक ज्ञान के साथ-साथ वर्तमान समय के अनुरूप व्यावसायिक दक्षता भी प्राप्त करनी चाहिए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को कृत्रिम मेधा सहित आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रम आरंभ कर रही है। उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन से आग्रह किया कि संस्थान में दक्षता उन्नयन तथा कृत्रिम मेधा जैसे विषयों में पाठ्यक्रम आरंभ करने के लिए प्रस्ताव भेजे जाएं।

उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के लिए तीन राजीव गांधी डे बोर्डिंग विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं तथा इस शैक्षणिक सत्र से चार विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम भी लागू किया जा रहा है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

संजय अवस्थी ने बताया कि उनके प्रयासों से राजकीय महाविद्यालय अर्की में इतिहास और अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर कक्षाएं पहले ही आरंभ हो चुकी हैं और अब इस सत्र से हिंदी तथा राजनीति शास्त्र में भी स्नातकोत्तर कक्षाएं आरंभ की जाएंगी। इससे विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से युवाओं को अपनी परंपराओं, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का आग्रह किया।
विधायक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए अन्य छात्रों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, राजेंद्र रावत, अनुज गुप्ता, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रोशन वर्मा, उपभोक्ता विपणन महासंघ सोलन के निदेशक सुरेंद्र ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर, अभिभावक-शिक्षक संघ की अध्यक्षा ममता शर्मा, उपाध्यक्ष ज्योति गुप्ता, ग्राम पंचायत बखालग के पूर्व प्रधान कृपा राम, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, अध्यापक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





