ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अध्यापक-अभिभावक संघ (पीटीए) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने अभिभावकों के स्वागत के साथ की। उन्होंने पिछले शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की प्रगति और महाविद्यालय में किए गए विकासात्मक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग जरूरी है।

पीटीए सचिव सहायक आचार्य अक्षय कुमार ने संघ के फंड का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया और पीटीए की विभिन्न गतिविधियों में भूमिका से अभिभावकों को अवगत करवाया।
इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में हरदेव अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अन्य पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। हेमराज उपाध्यक्ष, सहायक आचार्य रचना तनवर सचिव, पाल शर्मा सहसचिव और हेमंत कुमार कोषाध्यक्ष चुने गए।

कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. सपना डोगरा, डॉ. भावना आज़ाद, सहायक आचार्य भूवि शर्मा, रीता देवी, सविता, मुकेश देवी और मंजू शर्मा शामिल हैं।
नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने कहा कि अभिभावक विद्यार्थियों के विकास में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में अभिभावकों से निरंतर सहयोग की अपील की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरदेव ने महाविद्यालय प्रशासन और अभिभावकों का आभार जताते हुए विद्यार्थियों के हित एवं महाविद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।



