ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर के विद्यार्थियों ने अंडर-14 वर्ग की जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में बास्केटबॉल का खिताब जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के डीपीई राज कुमार पाल ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में डुमैहर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुबाथू को 34-04 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें से प्रिंस ठाकुर, पारस ठाकुर, यतीश कुमार, जिगर पाल, समीर कुमार और हरीश कुमार का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी 11 से 13 अक्टूबर तक मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान हेमराज व सदस्यों तथा ग्रामवासियों ने टीम के डीपीई राज कुमार पाल, पीईटी नागेश शर्मा और सभी विजेता खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




