दादा-दादी के साथ बच्चों ने बिताया खुशनुमा समय, साझा किए यादगार पल।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल अर्की के कैंपस में मदर लैप और केजी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के दादा-दादी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नन्हे-मुन्नों के साथ खुशनुमा समय बिताते हुए यादगार पल साझा किए।

स्कूल प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और उनके दादा-दादी के बीच स्नेहपूर्ण रिश्ते को और मजबूत करना रहा। इस दौरान ग्रैंडपेरेंट्स ने बच्चों के साथ स्टोरी टेलिंग, डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट और सिंगिंग सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।

दादा-दादी को अपने साथ देखकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए। ग्रैंडपेरेंट्स की कहानियों और जीवन के अनुभवों ने बच्चों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें परिवार की पुरानी यादों और संस्कारों से जुड़ने का अवसर दिया। पूरे कार्यक्रम में बच्चों और ग्रैंडपेरेंट्स के बीच स्नेह और खुशी का माहौल रहा।

इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. संजय गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल हुए ग्रैंडपेरेंट्स को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दादा-दादी बच्चों के जीवन में विशेष स्थान रखते हैं। उनका स्नेह, अनुभव और संस्कार बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को परिवार के बुजुर्गों के करीब लाने के साथ विभिन्न पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने में भी सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में विंग कमांडर नरेंद्र राणा (रिटायर्ड), जीएम, शशि गौतम, डीजीएम, पारुल राजपूत, एलीमेंट्री कोऑर्डिनेटर, आरती ठाकुर सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।




