अर्की की बडोग पंचायत में नशा तस्करी व फेरी वालों पर लगेगी लगाम।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल की बडोग पंचायत के छयोड खड्ड में एंटी चिट्टा कमेटी की बैठक प्रधान पंकज कुमार की अध्यक्षता में की गई। इस बैठक में जिला परिषद सदस्य शशि कांत शर्मा और पंचायत प्रधान इंद्र लाल विशेष तौर पर मौजूद रहे।
एंटी चिट्टा कमेटी प्रधान पंकज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में युवा पीढ़ी को चिट्टे जैसे जानलेवा नशे के दलदल से बचाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के हेतु चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्र को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने और सामाजिक सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सर्वसम्मति से कई कड़े निर्णय लिए गए।

जिला परिषद सदस्य शशि कांत शर्मा ने कहा कि नशा समाज की जड़ों को खोखला कर रहा है। इसे समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों और युवाओं की सामूहिक भागीदारी सबसे आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं पंचायत प्रधान इंद्र लाल ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही या नशे के अवैध कारोबार से जुड़े इनपुट मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया जाएगा।

बाहरी राज्यों से आने वाले सभी प्रवासी कामगारों, रेहड़ी-फेरी वालों और किरायेदारों का पंचायत स्तर पर पंजीकरण और नजदीकी थाने से पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए कमेटी गांव-गांव जाकर अभिभावकों और युवाओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करेगी।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार (कोषाध्यक्ष) वीरेंद्र कुमार (सचिव)
नंद लाल, कमलेश कुमार, विधि चंद, दीपक कुमार, कमल चंद, बाबू राम, नगीन चंद, संजय कुमार, आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page