ब्यूरो// दैनिक हिमाचल न्यूज,अर्की :- हिमाचल प्रदेश में 108 एवं 102 सेवा का संचालन कर रही संस्था मेडसवान फाउंडेशन ने आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के उदेश्य से सोलन स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए ।

रोगी को उचित देखभाल प्रदान करने एवं आपातकालीन प्रबंधन की नवीनतम तकनीकों में आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन को अधिक सक्षम एवं सुदृढ़ बनाने के उदेश्य हेतु यह प्रशिक्षण ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया।

आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन को दिया जाने वाला प्रशिक्षण आपातकालीन प्रबंधन के सभी मोड्यूल के साथ उचित केस प्रलेखन एवं एम्बुलेंस संचालन पर विभिन्न सत्रों को शामिल करता है। प्रशिक्षण कायर्क्रम में उपदेशात्मक प्रस्तुतियां, सूचनात्मक सत्र और साथ ही व्यवहारिक प्रदर्शन को भी शामिल किया जाता है। मेडसवान फांउडेशन के प्रबंधन ने हिमाचल प्रदेश राज्य के युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने एवं प्रदेश के लोगों के जीवन को बचाने के इस महान मिशन में योगदान देने की इस नेक पहल में शामिल होने के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उनके सहयोगियों का आभार प्रकट किया।


