ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय महाविद्यालय अर्की में बुधवार को दिल्ली स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन की टीम ने कॉमर्स एवं आर्ट्स संकाय के विद्यार्थियों को विज्ञापन एवं मनोरंजन प्रबंधन, जनसंपर्क, पत्रकारिता, मार्केटिंग और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में करियर बनाने की संभावनाओं से अवगत करवाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिग्री प्राप्त करने के बाद रोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी गई।

महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर एवं मीडिया प्रभारी डॉ. राजन तनवर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान डिजिटल माध्यम से प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ पोस्टर के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने भाग लिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मस्तराम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार के प्रयासों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर भी ध्यान देना चाहिए। निजी क्षेत्र में रचनात्मकता से जुड़े अनेक ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकते हैं तथा अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप नए कौशल सीखने और रोजगार के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मस्तराम ने दिल्ली स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी महाविद्यालय में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें।


