ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बीएल सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार में शनिवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों के प्रति जागरूक करने के लिए भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सिविल अस्पताल अर्की की किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता सुरक्षा परमार ने कुनिहार क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं पम्मी और अंका के सहयोग से किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका शिवानी शर्मा ने किया।
विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस दौरान विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन, संतुलित पोषण, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नशे से दूर रहने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाने में सहायक हैं।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नशामुक्ति तथा लैंगिक हिंसा जैसे विषयों की जानकारी दी गई। किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता सुरक्षा परमार ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

भाषण प्रतियोगिता में समीक्षा ने प्रथम, तान्या चौहान ने द्वितीय और सुम्रिता ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में चैतन्या प्रथम, भावना द्वितीय और मान्यता नेगी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजकों और आशा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।


