प्रिंस ठाकुर और यतीश कुमार मध्य प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर के दो बास्केटबॉल खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में प्रिंस ठाकुर और यतीश कुमार शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक मध्य प्रदेश के गोना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जानकारी देते हुए विद्यालय के डीपीई एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल रेफरी राज कुमार पाल ने बताया कि पिछले माह बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय के छह खिलाड़ियों ने जिला सोलन की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इनमें से प्रिंस ठाकुर और यतीश कुमार ने अपने प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 21 से 27 दिसंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडी में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के लिए यह भी गर्व की बात है कि पिछले माह विद्यालय का विद्यार्थी पारस ठाकुर राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुका है। इस वर्ष विद्यालय के तीन विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन होना ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन और प्रशिक्षण का परिणाम है।
राज कुमार पाल ने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिले तो वे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, पीईटी नागेश शर्मा, समस्त विद्यालय स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा स्थानीय पंचायत के लोगों ने प्रिंस ठाकुर और यतीश कुमार को बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।



