केवल नोटिस जारी करने से नहीं चलेगा काम, दोषी दवा उद्योगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर सजा का प्रावधान करने की उठाई मांग।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- प्रदेश में विभिन्न दवाइयों के सैंपल फेल होने के मामलों पर चिंता जताते हुए कुनिहार विकास सभा ने प्रदेश सरकार से संबंधित दवा उद्योगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सभा के प्रधान धनीराम तनवर सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में विभिन्न दवाइयों के 92 सैंपल फेल पाए गए हैं। दवाइयों के सैंपल फेल होने का सिलसिला वर्षों से जारी है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से केवल नोटिस जारी करने तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है।

सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि हृदय रोग और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों के सैंपल फेल होना बेहद चिंताजनक है। ऐसी दवाइयों का सेवन करने वाले मरीजों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। जब मरीज बीमारी से निजात पाने के लिए दवाइयों का सेवन करते हैं, तो दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना संबंधित विभाग और सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि केवल नोटिस जारी करके विभागीय कार्रवाई की औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है। जिन दवा उद्योगों की दवाइयों के सैंपल फेल पाए जाते हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मुकदमा चलाया जाना चाहिए तथा दोषियों के लिए कठोर सजा का प्रावधान होना चाहिए। सभा का मानना है कि सख्त कानूनी कार्रवाई से ही इस तरह के मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
कुनिहार विकास सभा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए और नकली अथवा घटिया दवाइयों के कारोबार में संलिप्त उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता का दवाइयों की गुणवत्ता और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
इस संयुक्त बयान में प्रधान धनीराम तंवर के अलावा बाबूराम तंवर, देवी राम मेहता, संतराम, जगदीश ठाकुर, दीप राम ठाकुर, ज्ञान ठाकुर, बलवीर चौधरी, ओम प्रकाश ठाकुर, सनी राघव, भागमल तंवर, राजेश ठाकुर, अनिल वर्मा, धर्म सिंह, नागेंद्र ठाकुर, प्रेम चौधरी, मोहन सिंह चौधरी सहित सभा की समस्त कार्यकारिणी शामिल रही।


