अर्की-जघून रूट पर दौड़ी इलेक्ट्रिक बस, सफल ट्रायल के बाद नियमित सेवा की उम्मीद बढ़ी

जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने एचआरटीसी प्रबंधन के समक्ष उठाया था मामला, अर्की से कुनिहार वाया छयोड़ खड्ड होते हुए जघून तक पहुंची बस।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  अर्की-जघून रूट पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल किया गया। बस अर्की बस अड्डे से रवाना होकर कुनिहार वाया छयोड़ खड्ड होते हुए जघून पहुंची। पहाड़ी क्षेत्र के इस मार्ग पर बस के सफलतापूर्वक पहुंचने के बाद अब क्षेत्रवासियों को इस रूट पर नियमित इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने की उम्मीद बंधी है।

इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू होने से जघून सहित आसपास की पंचायतों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में सीमित बस सेवाएं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बस का संचालन शुरू होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि इस रूट पर इलेक्ट्रिक बस चलाने की मांग जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने परिवहन निगम के समक्ष उठाई थी। उन्होंने 12 अक्टूबर 2026 को हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर अर्की-जघून वाया कुनिहार मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल करवाने तथा नियमित सेवा शुरू करने का आग्रह किया था। पत्र में उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा की आवश्यकता का हवाला दिया था।

शशिकांत शर्मा की इस मांग पर कार्रवाई करते हुए परिवहन निगम ने अब इस मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल करवाया है। ट्रायल पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि निगम जल्द ही इस रूट पर नियमित बस सेवा शुरू करने की दिशा में निर्णय लेगा। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार तथा परिवहन निगम का आभार जताया है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page