लड़ोग विद्यालय में संविधान दिवस पर शपथ व प्रतियोगिताओं का आयोजन

विद्यार्थियों ने जाना बढ़ईगीरी का व्यावहारिक ज्ञान, मुख्याध्यापक सुरेश कुमार ने कहा– ऐसी गतिविधियां सर्वांगीण विकास में सहायक।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन सभा में संविधान दिवस की शपथ के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा इसके मूल आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


इसके पश्चात विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।


कार्यक्रम के अंतर्गत प्री-व्यावसायिक शिक्षण के तहत विद्यार्थियों को बढ़ई मिस्त्री किशोरी लाल के कारखाने का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लकड़ी पर की जाने वाली हस्तकला की विभिन्न विधियों को नजदीक से देखा तथा लकड़ी से उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुएं तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
बढ़ई मिस्त्री किशोरी लाल ने विद्यार्थियों को लकड़ी के कार्य की बारीकियों, कारीगरी और व्यावसायिक कौशल के महत्व से अवगत करवाया। इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक हस्तकला एवं स्वरोजगार के अवसरों का व्यावहारिक ज्ञान मिला।
विद्यालय के मुख्याध्यापक सुरेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें संवैधानिक जागरूकता और व्यावहारिक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page